वांटेड गैंगस्टर चंडीगढ़ के पार्क में प्रेमिका से कर रहा था पप्पीयां-जफ्फीयां,चंडीगढ़ पुलिस ने डाला रंग में भंग-दबोच लिया

चंडीगढ़ ब्यूरो चीफ
पंजाब पुलिस का वांटेड और कई आपराधिक मामलों में नामजद मनप्रीत सिंह उर्फ सोनू उर्फ बग्गल प्रेमिका से मिलने के लिए सेक्टर-46 के पार्क में पहुंचा था, लेकिन मुलाकात से पहले ही सेक्टर-34 थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गश्त के दौरान पुलिस को देखकर आरोपित ने रास्ता बदलने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए।
बाद में उसकी निशानदेही पर एक और पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किए गए। आरोपित की पहचान फिरोजपुर निवासी 26 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पंजाब में हत्या के प्रयास, हथियार, नशा, लूट और अपहरण समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह फिरोजपुर के ममदोट थाने में दर्ज एक मामले में वांछित भी बताया जा रहा है।
सेक्टर-34 थाना प्रभारी शादीलाल ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल मनविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ सेक्टर-46ए और 46बी की विभाजित सड़क के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-46डी की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखते ही वह अचानक पीछे मुड़कर वापस जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक .30 बोर पिस्तौल और चार कारतूस मिले। हथियार का लाइसेंस नहीं होने पर सेक्टर-34 थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
मनप्रीत के खिलाफ 2018 से 2024 के बीच पंजाब के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हुए हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, लूट, अपहरण और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। ममदोट थाने में दर्ज एक मामले में वह वांछित बताया जा रहा है।