ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से आ रहे नशीले पदार्थ के मॉड्यूल का खुलासा, दो गिरफ्तार; हथियार भी बरामद
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आता था नशीला पदार्थ
दरअसल, अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक गांव से दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इन दोनों लोगों के पास से एक पिस्तौल और एक किलोग्राम नशीला पदार्थ भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ समय पहले अरनिया सेक्टर के एक अग्रिम गांव में पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स द्वारा नशीले पदार्थों की खेप गिराए जाने (एयरड्रॉपिंग) का मामला सामने आया है। मामले की जांच के बाद ट्रेवा के राहुल कुमार और तलाहार के अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
हथियार के साथ भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार देर रात उनके घरों से पकड़ा गया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर इटली में बनी एक पिस्तौल, दो मैगजीन, चार राउंड गोलियां, 500 ग्राम हेरोइन और 500 ग्राम अफीम बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ अपने संबंधों और अतीत में ड्रोन से गिराई गई नशीले पदार्थों की दो खेप प्राप्त करने की बात स्वीकार की है। अधिकारियों ने बताया कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।

