जूस पीने वाले निहंगों से गरीब दुकानदार ने दस रुपए मांगे-निहंगों ने हाथ काट डाला
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड में बाहरी गेट के पास गन्ने के जूस के पैसे को लेकर हुए मामूली विवाद में दो निहंग द्वारा जूस विक्रेता पर तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
इस घटना में जूस विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से दोनों हमलावर निहंगों को पकड़ कर पुलिस को बुलाकर सौंप दिया गया। कमला मार्केट थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक कमला मार्केट थाना पुलिस को 10 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे पीसीआर काल मिली कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (अजमेरी गेट साइड) के पास तलवार से हमला हुआ है।
बाएं हाथ की कलाई के पास हुआ तलवार से हमला
घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की आवश्यकता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि स्टेशन के बाहरी गेट के पास स्थित गन्ने के जूस की दुकान पर विवाद हुआ था।बहस के दौरान जूस विक्रेता के बाएं हाथ की कलाई के पास तलवार से हमला करने पर गहरा घाव के निशान पाए गए। पीसीआर स्टाफ ने घायल को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा दिया, जहां उसकी मेडिकल जांच की गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपितों को घटनास्थल पर ही दबोच लिया। पकड़े गए दानों आरोपित सगे भाई हैं और वे निहंग के वेशभूषा में थे। इनकी पहचान गगनदीप सिंह और बलजीत सिंह के रूप में हुई है। ये लोग जालंधर, पंजाब के रहने वाले हैं।
जांच से पता चला है कि दोनों भाइयों ने दुकान से गन्ने के जूस के दो गिलास पिए थे। जूस के 60 रुपये हुए थे, लेकिन वे सिर्फ 50 रुपये देने की जिद कर रहे थे।
10 रुपये के भुगतान को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद बढ़ने पर गगनदीप सिंह ने अपनी तलवार से जूस विक्रेता पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ पर गहरा घाव हो गया। दोनों के कब्जे से तलवारें जब्त कर लीं गई है।