भाजपा द्वारा पंजाब में 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी-19 को प्रकाश पर्व से पहले खुल सकता है करतारपुर कॉरिडोर
भारत-पाक के बीच बंद पड़ा करतारपुर कॉरिडोर आगामी 19 नवंबर को श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व से पहले खुल सकता है। इसका संकेत पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मीटिंग के बाद भाजपा महासचिव तरूण चुघ ने दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब से गए भाजपा नेताओं ने उनके आगे यह मुद्दा उठाया है। जिस पर पीएम ने गौर करने का भरोसा दिया है। पीएम के बाद भाजपा नेताओं की शाम को राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा और कल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात होगी।
करतारपुर कॉरिडोर कोरोना की वजह से पिछले साल से बंद है। इसको लेकर पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी और विरोधी अकाली दल भी मुद्दा उठाते रहे हैं। भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल ने भी इसकी पुष्टि की कि संगत खुले तौर पर श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सके, इसलिए यह मांग उठाई गई है।

किसानों ने नहीं की बात
किसान आंदोलन के मुद्दे पर हरजीत ग्रेवाल ने कहा कि वे चाहते थे कि किसानों की बात भी लेकर जाएं। इस बारे में किसान नेताओं को बताया था कि वे पीएम से मिलने जा रहे हैं। अगर वे अपनी कोई बात रखना चाहते हैं तो बता दें। इस पर किसान नेताओं ने कहा कि उन्हें 2-3 दिन का समय चाहिए।
ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस आंदोलन को 2024 तक खींचना चाहते हैं ताकि पीएम मोदी की छवि खराब कर सकें। केंद्र सरकार इसके हल के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मीटिंग में पंजाब से प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ, कार्यकारिणी मेंबर हरजीत ग्रेवाल, आरपी सिंह शामिल होंगे।

भाजपा की बड़ी मुश्किल किसान आंदोलन
पंजाब में भाजपा की सबसे बड़ी मुश्किल किसान आंदोलन है। केंद्र के कृषि सुधार कानूनों के विरोध में किसान भाजपा का विरोध कर रहे हैं। दिल्ली बॉर्डर पर करीब एक साल से आंदोलन चल रहा है। पंजाब में भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यक्रम का विरोध हो रहा है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ भी किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम का सार्वजनिक जगह पर लाइव टेलीकास्ट दिखाने तक का विरोध किया गया।

पहली बार सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
भाजपा के लिए पंजाब चुनाव इस बार अहम हैं। भाजपा अभी तक अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती थी। किसान आंदोलन की वजह से अकाली दल ने गठबंधन तोड़ लिया। अब भाजपा पंजाब में 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।